मेंहदावल। ब्लॉक के परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत छात्रों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत शनिवार को ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालयों के तीन-तीन छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
बीईओ महेंद्र नाथ त्रिपाठी ने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन दो चरणों में होगा। प्रथम चरण में सभी प्रतिभागियों को 30 बहुविकल्पीय प्रश्नों की लिखित परीक्षा देनी होगी। इसमें से 25 उत्कृष्ट बच्चों को अगले दौर के लिए चुना जाएगा। इन 25 बच्चों के पांच-पांच समूह बनाते हुए ज्ञानवर्धक विज्ञान प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसमें से डायट में प्रस्तावित जिला स्तरीय विज्ञान क्विज व विज्ञान प्रदर्शनी में 10 छात्र-छात्राओं का चयन होगा। विज्ञान विषय के एआरपी अनूप कुमार सिंह ने बताया कि ब्लॉक में 36 उच्च प्राथमिक विद्यालयों के राष्ट्रीय विज्ञान आविष्कार अभियान विद्यालय स्तरीय परीक्षा में 108 उत्कृष्ट बच्चे प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। परीक्षा बीआरसी स्थित कंपोजिट विद्यालय में होगी। यह परीक्षा सकुशल संपन्न कराने की तैयारी पूरी कर ली गई है।