खलीलाबाद समेत आधे जिले में रहा ब्लैक आउट
शहर में 24 तो ग्रामीण इलाकों में 31 घंटे गुल रही बिजली, बीच में बस एक घंटे आई
गोरखपुर से तकनीकी खराबी के चलते पैदा हुई परेशानी
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। खलीलाबाद व मगहर कस्बे समेत आधे जिले में सोमवार की सुबह शुरू हुआ बिजली संकट मंगलवार को खत्म हुआ। सोमवार की पूरी रात शहरी क्षेत्र के अलावा करीब 800 गांवों में बिजली गुल रही। शहरी इलाकों में मंगलवार सुबह तो ग्रामीण इलाकों में शाम चार बजे के करीब आपूर्ति सामान्य हुई। इसके बीच लोगों को बस एक घंटे बिजली मिली। बताया जा रहा है कि यह दिक्कत गोरखपुर के बरहुआ उपकेंद्र के पास तार टूटने से आई थी।
संतकबीरनगर को बस्ती जिले से एचटी लाइन से पॉवर सप्लाई होती है, परंतु सोमवार की सुबह तकनीकी खराबी के चलते गोरखपुर के बरहुआ विद्युत उपकेंद्र से जिले के उपकेंद्रों को 33 हजार वोल्ट की सप्लाई दी गई, परंतु कुछ देर बाद ही आपूर्ति बाधित हो गई। शाम करीब पांच बजे आपूर्ति बहाल तो हुई पर एक घंटे बाद फिर बिजली कट गई। रात नौ बजे तक जब सप्लाई शुरू नहीं हुई लोगों ने बिजली विभाग के अफसरों के मोबाइल नंबर पर फोन करना शुरू किया। तब पता लगा कि दिक्कत गोरखपुर से है। अफसरों की मानें तो रात में फाल्ट खोजने के लिए खलीलाबाद से कर्मचारी भेजे गए, परंतु खराबी दूर नहीं हो पाई। इसके चलते खलीलाबाद, मगहर, मुखलिसपुर, हरिहरपुर व कोचरी उपकेंद्र क्षेत्र से जुड़े शहर व गांव की बिजली गुल हो गई। मंगलवार की सुबह नौ बजे खलीलाबाद व मगहर कस्बे की सप्लाई शुरू हुई, परंतु इस बार लोकल फाल्ट ने हालत खराब कर दी। गांवों में शाम करीब चार बजे विद्युत आपूूर्ति सामान्य हो सकी।
खलीलाबाद विद्युत वितरण मंडल के अधिशासी अभियंता संजय कुमार सिंह का कहना है कि मेन लाइन में फाल्ट हुआ था। बारिश के चलते खेतों में पानी भरा है, ऐसे में फाल्ट खोजना आसान नहीं था। काफी दिक्कत के बाद आपूर्ति सामान्य हो पाई है।
लोग बोले, तीन माह से झेल रहे हैं संकट
संतकबीरनगर। अंधाधुंध बिजली कटौती से नाराज अश्विनी चौरसिया ने कहा कि तीन महीने से शहर के लोग बिजली संकट झेल रहे हैं। अक्सर रात में लोकल फाल्ट के नाम पर कटौती की जा रही है। धर्मेंद्र का कहना था कि बारिश के दौरान तार टूटने और गर्मी में पछुआ हवा से आग लगने के नाम पर आपूर्ति बंद कर दी जाती है। बीच के बचे वक्त में लोकल फाल्ट के नाम पर कटौती होती है। जिम्मेदारों को लोगों की परेशानियों से कोई लेना-देना नहीं है। अयोध्या का कहना था कि उपभोक्ताओं को भी हर्जाना मिलना चाहिए। लोग 30 घंटे तक बिजली के लिए परेशान रहे और अफसर मोबाइल पर जवाब तक नहीं दे रहे थे। इसी क्रम में अब्दुल का कहना था कि इतनी भीषण गर्मी में 30 घंटे से भी अधिक समय तक बिजली न मिलने से पानी का संकट झेलना पड़ा।
आज भी नहीं मिलेगी बिजली
संतकबीरनगर। खलीलाबाद शहर समेत आधे जिले को बुधवार को भी बिजली संकट का सामना करना पड़ेगा। गीडा-खलीलाबाद ट्रांसमिशन लाइन की मरम्मत के कारण बुधवार को सुबह नौ बजे से दोपहर बाद तीन बजे तक आपूर्ति बंद रहेगी। इसके कारण खलीलाबाद और धनघटा तहसील क्षेत्र के सभी उपकेंद्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी एक्सईएन संजय कुमार सिंह ने दी है।
आई आंधी तो फिर भागी बिजली
जिले में शाम ढलने के बाद तेज आंधी आई तो 30 घंटे से लोगों को रुला रही बिजली एक बार फिर गुल हो गई। देर रात तक बिजली आपूर्ति सामान्य नहीं हो सकी थी।