संतकबीरनगर। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने मंगलवार को किसानों की 15 सूत्री मांगों को लेकर गन्ना समिति तितौवा, खलीलाबाद से कलक्ट्रेट तक मोटरसाइकिल जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया।
इसके बाद जिलाध्यक्ष प्रेमनाथ उर्फ गुड्डू चौधरी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि किसान लगातार बढ़ती खेती की लागत, फसलों का उचित मूल्य न मिलने, प्राकृतिक आपदाओं, महंगे डीजल, बिजली, बीज एवं कृषि यंत्रों की बढ़ती कीमतों से परेशान है। यदि किसानों की समस्याओं का समय रहते समाधान नहीं किया गया तो इसका सीधा असर देश की खाद्य सुरक्षा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा। मलोरना गांव में रेलवे परियोजना से प्रभावित भूमि का मुआवजा दिलाने, जनपद की जर्जर सड़कों की मरम्मत, नहरों की सफाई, खाद-बीज की पर्याप्त उपलब्धता, अघोषित बिजली कटौती पर रोक, छुट्टा पशुओं की समस्या के समाधान, दवाओं की कालाबाजारी पर अंकुश लगाने कीमांग की गई।