संतकबीरनगर। भारतीय किसान यूनियन चढूनी के जिलाध्यक्ष उमेश भट्ट ने किसान हित एवं जनहित की विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को संगठन के वरिष्ठ प्रदेश महासचिव श्रीप्रकाश पांडेय के नेतृत्व में डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, राज्यपाल एवं राष्ट्रपति को संबोधित मांग पत्र डीएम को सौंपा।
जिलाध्यक्ष उमेश भट्ट ने कहा कि देश का अन्नदाता कहे जाने वाला किसान आज खुद तमाम समस्याओं से जूझ रहा है। देश में संचालित तमाम सरकारी योजनाओं से वंचित है।
पात्र होते हुए भी सरकारी अधिकारियों, कार्यालयों के चक्कर लगा रहा है, बावजूद इसके उसे योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि जिले के तमाम ऐसे गरीब किसान हैं जिनको पात्र होते हुए भी आवास योजना का लाभ नहीं दिया गया है।
तमाम सरकारी हैंडपंप दूषित पानी दे रहे हैं। कई हैंडपंप काफी दिनों से खराब पड़े हुए हैं। विभाग द्वारा उसकी मरम्मत नहीं कराया जा रहा है। जिले में तमाम मामले में पुलिस लंबे समय से निष्पक्ष जांच नहीं कर रही है, पुलिस अपराधियों से मिली हुई है, तमाम फर्जी दर्ज कराए गए कई मुकदमों में सही रिपोर्ट नही पेश कर रही है न ही निर्दोषों को मुकदमे से बरी कर रही है।
इस अवसर पर हफीजुल्लाह, रामकेस, निजामुद्दीन, उमाचंद, राम उजागिर पांडेय, विनय कुमार, बहरइची, जितेन्द्र, विजय पाल, मेवाती, चंद्रकली, भोला, रामहरि आदि मौजूद रहे।