पुलिस ने वीडियो बनाना शुरू किया तो थाने से खिसक गए भाजपाई
जमीन के विवाद में काफी संख्या में धनघटा थाने पहुंच गए थे कार्यकर्ता
अमर उजाला ब्यूरो
धनघटा। क्षेत्र के एक गांव में जमीन संबंधी विवाद के निस्तारण के लिए बुधवार को भाजपा कार्यकर्ता काफी संख्या में धनघटा थाने पहुंच गए। पुलिस ने धारा 144 और लॉकडाउन का हवाला देकर जब भीड़ का वीडियो बनाना शुरू किया तो सभी खिसक गए।
नरायनपुर गांव में पट्टे की जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा है। भाजपा के लोहरैया मंडल अध्यक्ष दिलीप राय ने बताया कि एक पक्ष की ओर से जमीन पर कब्जा किया जा रहा है। इसी संबंध में बात करने के लिए भाजपा के हैंसर, पौली और लोहरैया मंडल के कार्यकर्ता थाने पहुंचे थे। उनकी इस बारे में एसओ से बातचीत भी हुई। इसी दौरान काफी अधिक संख्या में लोगों को थाने के पास देख पुलिस वीडियो बनाने लगी। ऐसे में भाजपा कार्यकर्ता थाने से लौट आए। एसओ अखिलानंद उपाध्याय ने बताया कि भाजपा कार्यकर्ता जिस मामले को लेकर थाने पर आए थे, उसमें मंगलवार को ही एक्शन लिया जा चुका है। दोनों पक्षों के छह लोगों पर शांतिभंग की आशंका में कार्रवाई की जा चुकी है। एसओ ने बताया कि दबाव बनाने के लिए काफी संख्या में लोग थाने आए थे, मगर पुलिस किसी के दबाव में काम नहीं करेगी।