संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर/बनकटवा। कोतवाली खलीलाबाद थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे डीघा बाईपास के पास बुधवार शाम मार्ग दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौके पर मौत हो गई। हादसे की जानकारी के बाद ग्रामीण व आसपास के लोगों ने हाईवे पर जाम लगाकर आवागमन बाधित कर दिया।
सूचना पर एएसपी सुशील कुमार सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को शांत करने का प्रयास किया। काफी समझाने के बाद लोग मार्ग से हटे और आवागमन बहाल किया गया।
पुलिस व स्थानीय लोगों के अनुसार रैना पेपर मिल में कोतवाली थाना क्षेत्र के गौरापार निवासी जितेंद्र (30) पुत्र जगदीश सिंह इलेक्ट्रिशियन का काम करते थे। बुधवार को वह फैक्टरी से निकलकर बाइक से घर जा रहे थे। डीघा बाईपास पहुंचते ही करीब साढ़े छह बजे पीछे से किसी वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह अनियंत्रित होकर दूसरे वाहन की चपेट में आ गए।
हादसे में मौके पर ही उनकी मौत हो गई। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और परिजन को दी। सूचना के बाद उनके गांव से आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और नेशनल हाईवे को दोनों तरफ से जाम कर दिया।
घटना की जानकारी के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसके साथ ही सूचना मिलने पर सीओ प्रियम राजशेखर पांडेय भी घटना स्थल पर पहुंच गए। पुलिस टीम ने आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया और घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को दी।
सूचना के बाद एएसपी सुशील कुमार सिंह, एसडीएम खलीलाबाद हृदय राम त्रिपाठी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने काफी प्रयास के बाद लोगों को समझा-बुझाकर आवागमन चालू कराया। मौके पर सैंथवार मल्ल महासभा के प्रदेश अध्यक्ष गंगा सिंह सैंथवार ने पहुंचकर परिजन से बातचीत की और लोगों को शांत कराया।