भारतभारी(धर्मसिंहवा)। डुमरियागंज थाना क्षेत्र के सोतवा पुल के पास तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रहे बाइक सवार को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार पिता की मौत हो गई। जबकि दो बच्चे घायल हो गए, जिनका इलाज चल रहा है। पिता बच्चों को लेकर ससुराल से आ रहा था। संतकबीरनगर के थाना व ग्राम धर्मसिंहवा निवासी राजकुमार (31) पुत्र बाबूराम की डुमरियागंज थाना क्षेत्र के परसा हुसैन गांव में खजांची गुप्ता के यहां ससुराल है। वह बुधवार दोपहर में ससुराल आए थे। बृहस्पतिवार सुबह दो बच्चे जान्हवी (6) और शिवम (4) को लेकर बाइक से राजकुमार निकले थे। डुमरियागंज थाना क्षेत्र के सोतवा पुल के पास सामने से आ रही कार ने उसे टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार कि कार बाइक सहित सवारों को करीब 50 मीटर तक घसीटते चली गई। इस हादसे में राजकुमार की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि, दोनों बच्चे घायल हो गए। उन्हें परिजन इलाज के लिए सीएचसी बेवां ले गए। हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने दाेनों को प्राथमिक उपचार के बाद बस्ती रेफर कर दिया।
कार पथरा क्षेत्र के पेड़ार की बताई जा रही है। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर फरार हो गया। पुलिस को शिकायती पत्र देते हुए राजकुमार के पिता ने कार चालक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।