- महुली थाना क्षेत्र के कांटा वाली बाग के पास हुआ हादसा
हरिहरपुर। महुली थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार रात नाथनगर के समीप स्थित कांटा वाली बाग के पास ट्रैक्टर-ट्राॅली की चपेट में आकर बाइक सवार तिनहरी गांव निवासी इमरान (28) घायल हो गया। मौके पर जुटी भीड़ ने घायल को सीएचसी नाथनगर उपचार के लिए पहुंचाया। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देख प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के लिए जाते समय रास्ते में ही युवक ने दम तोड़ दिया।
इमरान पुत्र इम्तियाज बृहस्पतिवार की रात करीब 9.30 बजे परशुरामपुर से एक कार्यक्रम से घर लौट रहा था। जैसे ही वह नाथनगर के पास स्थित कांटा वाली बाग के समीप पहुंचा तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राॅली ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। बाइक सवार गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटनास्थल पर जुटी भीड़ और मौके पर पहुंचे परिजन घायल को लेकर सीएचसी नाथनगर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के लिए जाते समय घायल की रास्ते में ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ दुर्गेश कुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्जकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।