खराब पड़ी ट्रक मे फंसी मोटर साइकिल-संवाद
तिघरा। बखिरा थाना क्षेत्र के बघुआ गांव में सड़क किनारे दो दिनों से खड़ा खराब ट्रक लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रहा है। ट्रक पर कोई चेतावनी संकेत न होने से राहगीरों के लिए यह जानलेवा साबित हो रही है।
शाम करीब साढ़े छह बजे खलीलाबाद से बखिरा की ओर जा रहे बाइक सवार अविनाश पाठक (40) पुत्र ब्रह्मानंद पाठक निवासी ग्राम खुटवा, बघुआ सरस्वती शिशु मंदिर के सामने खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस टीम व ग्रामीणों ने घायल अविनाश पाठक को तत्काल जिला अस्पताल भेजवाया।
यही नहीं शनिवार सुबह खलीलाबाद से महराजगंज की ओर जा रही एक बोलेरो भी उसी ट्रक में पीछे से टकरा गई, जिसमें सवार कई लोग मामूली रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क पर खराब पड़े वाहनों को तत्काल हटवाया जाए और चेतावनी संकेत लगाए जाएं, ताकि भविष्य में कोई और बड़ा हादसा न होने पाए।