संतकबीरनगर। मंगलवार को नामांकन के आखिरी दिन भी कांग्रेस उम्मीदवार भालचंद यादव ने ऐहतियातन नामांकन पर्चा दाखिल किया। इसके अलावा 12 अन्य उम्मीदवारों ने भी नामांकन पत्र जमा किया। संतकबीरनगर संसदीय सीट के लिए कुल 27 नामांकन पत्र जमा किए गए हैं। बुधवार को इनकी जांच होगी। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि इस संसदीय क्षेत्र में प्रत्येक बूथ पर दो ईवीएम मशीन लगानी पड़ेगी।
सुबह 11 बजे ही कांग्रेस उम्मीदवार भालचंद यादव नामांकन करने पहुंचे तो कलेक्ट्रेट में मौजूद लोग आवाक रह गए। वजह यह कि एक दिन पहले ही बड़ी जनसभा व जुलूस के साथ कांग्रेस उम्मीदवार के तौर भालचंद यादव नामांकन कर चुके थे। इसके अलावा एंटी करप्शन डायनामिक पार्टी से कोईल, बहुजन मुक्ति पार्टी से आनंद कुमार गौतम, मनुवादी पार्टी से सुभाष चंद्र दुबे, भारतीय निषाद एकता संघ से हरिश्चंद्र निषाद, अलहिंद पार्टी से चंद्रशेखर, निर्दलीय अशोक कुमार, मित्रसेन यादव, भारतीय गोंडवाना पार्टी से दिनेश चंद्र गोंड, पीस पार्टी से कैलाशनाथ बेलदार, मौलिक अधिकार पार्टी से अखिलेश शर्मा तथा निर्दलीय सचिन राय व दिनेश जायसवाल ने नामांकन किया।