मेंहदावल। परिषदीय विद्यालयों के पेयरिंग की कवायद में मंगलवार को बीआरसी सभागार में अपर्याप्त नामांकन वाले विद्यालयों और उनके समीप के शैक्षणिक गुणवत्ता वाले विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के बीच बीईओ ज्ञानचंद्र मिश्र की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक पेयरिंग को लेकर पैदा हुए संशय को दूर किया गया।
उन्होंने कहा कि बच्चों की कम संख्या वाले परिषदीय विद्यालयों के बच्चे अपने पास के ही स्कूलों में पढ़ेंगे। शिक्षक-छात्र अनुपात बेहतर करने के लिए कम बच्चों वाले स्कूलों की पास के स्कूल के साथ पेयरिंग (एकीकरण) किया जाएगा। उन्होंने कहा शासन के निर्देश के तहत कम छात्र नामांकन वाले विद्यालयों के संसाधनों के अधिकतम प्रयोग के लिए स्कूलों के साथ आपसी सहयोग की जरूरत है।
ऐसे ही विद्यालयों को पास के विद्यालयों के साथ ही पेयरिंग करते हुए एक इकाई के रूप में चलाया जाएगा। इसके तहत बेसिक शिक्षा विभाग अब स्कूलों में अभिभावक शिक्षक बैठक में इसके बारे में जानकारी देगा। अभिभावकों को स्कूलों के विलय और नियमित कक्षाओं के संचालन की जानकारी देंगे। साथ ही उनके सुझाव भी लेंगे। विद्यालयों के हो रहे युग्मन और विद्यालयों में उपलब्ध कराई गई शैक्षणिक सामग्री, डिजिटल संसाधन, लाइब्रेरी के किताबों, खेलकूद सामग्री आदि के विषय में अभिभावकों को अवगत कराएं।
अभिभावकों के सुझाव भी लिए जाएंगे और उनकी शंकाओं का समाधान भी करें। उन्होंने कहा कि पेयरिंग के बाद खाली स्कूल बंद नहीं होंगे। नई शिक्षा नीति में पूर्व प्राइमरी शिक्षा पर जोर दिया गया है।