पीएम स्वनिधि के लाभार्थियों को चेक देते चेयरमैन-स्रोत नगर पालिका
संतकबीरनगर। केरल के तिरूवनंतपुरम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएम स्वनिधि योजना के तहत क्रेडिट कार्ड लांच किया। एक लाख ऋण वितरण कार्यक्रम का नगर निकायों में लाइव प्रसारण हुआ। नगरीय निकायों में लोगों ने देखा।
नगर पालिका परिषद खलीलाबाद में लखनऊ से आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लोगों ने देखा। पीएम स्वनिधि के लाभार्थियों को चेयरमैन जगत जायसवाल, पीओ डूडा सुधीर कुमार और ईओ अवधेश भारती ने स्वीकृति पत्र वितरित किया। कार्यक्रम का संचालन शहर कार्यक्रम प्रबंधक ज्ञानेंद्र नाथ शुक्ला ने किया। उन्होंने पीएम स्वनिधि योजना तथा पीएम स्वनिधि योजना क्रेडिट कार्ड के बारे में लाभार्थियों को जानकारी दी। योजना के तहत लाभार्थियों को अधिकतम 30,000 रुपये की लिमिट का क्रेडिट कार्ड दिया जाएगा। पीएम स्वनिधि योजना में रेहड़ी व पटरी व्यवसायियों को प्रथम ऋण के रूप में 15,000 रुपये, द्वितीय ऋण के रूप में 25,000 रुपये एवं तृतीय ऋण के रूप में 50,000 रुपये उपलब्ध कराए जाएंगे। चेयरमैन जगत जायसवाल ने कहा कि लाभार्थी नगर पालिका कार्यालय में ऑनलाइन आवेदन उपस्थित कर योजना का लाभ ले सकते हैं। इस अवसर पर लाभार्थी व नगर पालिका के कर्मी मौजूद रहे।