संतकबीरनगर। धर्मार्थ कार्य परियोजना के तहत गिरधरपुर से तामेश्वरनाथ धाम होकर स्टेट हाईवे तक जाने वाली सड़क के सुंदरीकरण के लिए 78 लाख रुपये और आवंटित हुए हैं। इसके साथ ही साथ क्षेत्र के 16 गांवों के लोगों को भी फायदा होगा।
करीब दो माह पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तामेश्वरनाथ धाम कारिडोर बनाने की घोषणा की थी। इससे पूर्व ही तामेश्वरनाथ आने- जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए गिरधरपुर से तामेश्वरनाथ धाम होकर धनघटा मार्ग तक करीब 4.30 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण व सुंदरीकरण का कार्य शुरू करा दिया गया था। इस पर करीब आठ करोड़ रुपये खर्च होना है। सड़क निर्माण में किसी प्रकार की बजट की बाधा खड़ी न हो, इसके लिए 78.63 लाख रुपये उपलब्ध कराया गया है।
इससे सड़क निर्माण के कार्य में तेजी आने की संभावना है। इस मार्ग के बनने से आस-पास के 16 गांवों सहित तामेश्वरनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।