सेफ सिटी के तहत हुए सुंदरीकरण का की रेलिंग पर चल रही दुकाने और खड़े वाहन । संवाद
संतकबीरनगर। जिला मुख्यालय के मेंहदावल बाईपास पर सेफ सिटी के तहत विभिन्न निर्माण कार्य कराए गए, ताकि शहर सुंदर और व्यवस्थित दिखे, लेकिन वर्तमान में यहां की व्यवस्था बिगड़ गई है। इससे शहर को सुंदरीकरण की मुहिम को झटका लगा है। यहां न तो फव्वारा चल रहा है और न ही यातायात व्यवस्था दुरुस्त हो पाई है।
शहर को आकर्षक लुक देने के लिए प्रशासन ने शहर के मेंहदावल बाईपास चौराहे और मार्ग का सेफ सिटी योजना के तहत सुंदरीकरण का कार्य कराया। यहां पर दोनों तरफ रेलिंग लगाई गई, ताकि लोगों को आने-जाने में परेशानी न हो। इसके साथ ही पैदल यात्रियों के लिए पाथवे बनवाया गया। साथ ही वाटर कूलर, रंगीन फव्वारा बना और झूमर लाइटें लगाई गईं। इस क्षेत्र को नो पार्किंग जोन घोषित किया गया, ताकि शहर सुंदर और व्यवस्थित दिखे, लेकिन देखरेख के अभाव यहां की सूरत बिगड़ रही है।
स्थिति यह है कि नो पार्किग जोन में वाहन खड़ा कर सवारियां भरी जा रही है, जिसके कारण आए दिन जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। हालांकि यातायात पुलिस ने कई बार वाहनों को हटाने का प्रयास किया, लेकिन अब भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। यहां पर लगा रंगीन फव्वारा काफी दिनों से बंद पड़ा है। इसके आसपास ठेले पर दुकानें लग रही है।
पैदल यात्रियों के बने पाथवे पर भी ठेला लगाकर कब्जा कर लिया गया है। जिसके कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी झेलनी पड़ रही है। इस मार्ग के दोनों तरफ बनाई गई रेलिंग भी जगह-जगह टूट गई है। जिससे प्रशासन की मंशा पर पानी फिर रहा है।
इस चौराहे पर लगा वाटर कूलर भी बेकार पड़ा है। इसके बाद भी इस तरफ किसी का ध्यान नहीं है। इस क्षेत्र के निवासी प्रेमचंद्र, शिवानंद आदि ने बताया कि उपेक्षा के कारण यहां की खूबसूरती बिगड़ रही है। इस पर ध्यान दिए जाने की जरूरत है।
सेफ सिटी के तहत हुए सुंदरीकरण का की रेलिंग पर चल रही दुकाने और खड़े वाहन । संवाद