छेड़खानी का विरोध करने पर तीन सगी बहनों को पीटा
संतकबीरनगर। ई- रिक्शा से पढ़ने जा रहीं तीन सगी बहनों को रास्ते में रोकर गांव के ही दो युवकों ने छेड़खानी की। विरोध करने पर तीनों सगी बहनों को मारपीट कर घायल कर दिया। गांव वाले गुहार पर जब तक पहुंचे, तब तक आरोपी मौके से भाग निकले। पीड़ित मां की ओर से दी गई तहरीर पर पुलिस ने शनिवार को दोनों युवकों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, जानमाल की धमकी, छेड़खानी और दलित उत्पीड़न का केस दर्ज किया है।
पीड़ित मां का आरोप है कि 20 जनवरी को उसकी तीन बेटियां खलीलाबाद पढ़ने जा रही थीं। रास्ते में गांव के ही दो मनबढ़ युवकों ने ई- रिक्शा को रोकवा लिया। आरोप है कि दोनों युवक उसकी बेटियों से अश्लील हरकत करने लगे और एक बेटी को नीचे उतार लिया। बेटियों ने जब विरोध किया तो दोनों युवक जाति सूचक शब्दों से अपमानित किया और जानमाल की धमकी दी। आरोप है कि दोनों मनबढ़ युवकों ने उनकी तीन बेटियों को मारापीटा। बेटियों ने शोर मचाया तो गांव के लोग जुट गए। उसके बाद आरोपी युवक भाग निकले। पीड़ित मां ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाल अजय कुमार सिंह ने बताया कि दोनों आरोपी युवकों के खिलाफ मारपीट, छेड़खानी और एससीएसटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना सीओ सदर को मिली है। विवेचना से जो तथ्य सामने आएगा, उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।