संतकबीरनगर। महिला थाने में एक विवाहिता ने पति समेत ससुराल के छह लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, अश्लील वीडियो बनाने और सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। महिला थाना पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता खुशबू प्रजापति ने पुलिस को दी तहरीर में जानकारी दी कि उसकी शादी 11 मई 2022 को बेलहर कला थाना क्षेत्र के मुड़िला कला निवासी सुभाष से हुई। आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद पति और ससुराल के अन्य लोग दहेज को लेकर ताने देने लगे। विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट की जाने लगी। पति शराब के नशे में अक्सर मारपीट करता था। ससुराल पक्ष के लोग एक लाख रुपये नकद और मोटरसाइकिल की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर जान से मारने की धमकी भी दी जाती थी।
विवाहिता का आरोप है कि उसके पति ने उसका अश्लील वीडियो और फोटो बना लिया तथा उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। विरोध करने पर उसका मोबाइल फोन तोड़ दिया गया। जून 2025 में दहेज की मांग को लेकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और उसका जेवर, कपड़े, मोबाइल, पर्स तथा आधार कार्ड सहित अन्य सामान छीन लिया गया। इसके बाद उसे यह कहकर घर से निकाल दिया गया कि जब तक मायके से एक लाख रुपये और मोटरसाइकिल नहीं आएगी, तब तक वह ससुराल न आए।
पीड़िता ने बताया कि कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन ससुराल पक्ष अपने रुख पर कायम रहा। इसके बाद उसने महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई।
महिला थाना प्रभारी पूनम मौर्या ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर पति सुभाष, ससुर रघुनाथ, सास राजपाती, देवर आशीष, देवर पंकज और देवरानी पुष्पलता के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।