संतकबीरनगर। जिला अस्पताल की ओपीडी में शुक्रवार को सर्वाधिक मरीज पहुंचे। इसमें डायरिया से पीड़ित 170 मरीज थे। इसमें से छह मरीज भर्ती किए गए। पर्ची काउंटर पर मरीजों की काफी भीड़ रही। इसके साथ ही दवा लेने के लिए मरीजों की भीड़ लगी रही।
संयुक्त जिला अस्पताल में सुबह आठ बजे से पर्चा काउंटर खुला तो मरीजों की लंबी लाइन लग गई। गर्मी में पर्चा बनवाने के बाद मरीज चिकित्सक के पास पहुंचकर परामर्श लिए। सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक 1300 मरीजों के पर्चे बनाए गए। इन मरीजों में चिकित्सकों के मुताबिक करीब 170 मरीज डायरिया से पीड़ित थे। इन्हें पेट, दर्द, उल्टी दस्त आदि के लक्षण थे। इसके साथ ही खांसी, जुकाम व बुखार के मरीज भी रहे। जबकि कुछ मरीज नेत्र रोग, नाक कान गला के पास इलाज के लिए पहुंचे। वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. कुमार सिद्धार्थ ने बताया कि इन दिनों पड़ रही गर्मी के कारण लोग अधिक बीमार पड़ रहे हैं। ऐसे में लोगों को धूप से बच कर रहना चाहिए। बांसी खाना नहीं खाना चाहिए। जहां तक हो सके तो मसाले का प्रयोग कम करें और हरी सब्जी खाएं। पानी खूब पीएं।
डायरिया से बचाव
- डायरिया से बचाव के लिए पानी उबाल कर पीना चाहिए।
- शौच जाने के बाद हाथ अच्छे से धोकर खाना खाएं।
- दस्त लगने पर ओआरएस का घोल मरीज को दें।
- जितना जल्द हो सके, मरीज को अस्पताल पहुंचाएं।
- साफ और ढका हुआ खाना ही खाएं।
- खान-पान में जंक फूड के इस्तेमाल से परहेज करें।
गर्मी में बच्चों व बुजुर्गों के स्वास्थ्य के प्रति विशेष रूप से सजग रहें। गर्मी के कारण मरीज वायरल डायरिया से पीड़ित आ रहे हैं। उन्हें ओआरएस, नमक चीनी का घोल पिलाएं। यह लाभदायक साबित होगा। इसके अलावा सीधी धूप से बचें। सूती कपड़े पहनें, क्योंकि यह पसीना आसानी से सोख लेता है। धूप के चश्मे और टोपी का प्रयोग करें। ठेले से जूस या कोई तरल पदार्थ न पीएं, यह दूषित हो सकता है। घर में ही ताजे फलों का जूस निकाल कर सेवन करें।
डॉ. कुमार सिद्धार्थ, वरिष्ठ फिजीशियन, जिला अस्पताल