- मेंहदावल के मिश्रौलिया मिश्र गांव का बीडीओ ने लिया जायजा
- ग्रामीणों ने की थी शिकायत
- सामुदायिक शौचालय व आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण पूरा कराने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
मेंहदावल। क्षेत्र के मिश्रौलिया मिश्र गांव में सार्वजनिक नाली पर अवैध कब्जे की शिकायत पर खंड विकास अधिकारी मेंहदावल सुरेश कुमार मौर्य व सहायक विकास अधिकारी राजेश कुमार पांडेय बृहस्पतिवार को गांव में जांच के लिए पहुंचे। वहां अवैध कब्जा देखकर बीडीओ भड़क उठे और ग्राम पंचायत सचिव व ग्राम प्रधान को तत्काल सार्वजनिक नाली से कब्जा हटवाने के निर्देश दिए। कब्जा नहीं हटने की दशा में कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने गांव में हुए अन्य विकास कार्यों की जांच की।
मेंहदावल के मिश्रौलिया मिश्र गांव में लोक निर्माण विभाग की सड़क के किनारे ग्राम पंचायत की ओर से सार्वजनिक नाली का निर्माण कराया गया था। गांव के एक व्यक्ति ने सार्वजनिक नाली पर मिट्टी की पटाई कर कब्जा कर लिया था, जिससे जलनिकासी नहीं हो रही थी। इस मामले में ग्रामीणों ने शिकायत की थी। इसी की जांच के लिए बीडीओ व सहायक विकास अधिकारी गांव में पहुंचे थे।
इसी दौरान गांव में आंगनबाड़ी केंद्र व सामुदायिक शौचालय अधूरा मिला। बीडीओ ने नाराजगी जाहिर करते हुए ग्राम प्रधान को एक सप्ताह के भीतर दोनों भवनों का निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान ग्रामीणों से भी अधिकारियों ने वार्ता किया। लोगों से विकास कार्यों को लेकर चर्चा की। विकास कार्यों में लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई। इस दौरान ग्राम प्रधान शैलेंद्र यादव, सचिव अब्दुल लतीफ सहित अन्य लोग मौजूद रहे।