नोटबंदी के बाद भी ग्रामीण क्षेत्रों में कैश की किल्लत बनी हुई है। शनिवार को बैंकों में बंदी रही तो अधिकतर एटीएम भी काम नहीं किए, जिसके कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कुछ लोग खलीलाबाद कस्बे में एटीएम से कैश निकालने के लिए पहुंचे, लेकिन एटीएम न खुलने से निराश होकर लौटना पड़ा। रविवार को भी बैंकों में बंदी रहेगी, ऐसे में समस्या बनी रहने की संभावना है।
आठ नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोटबंदी की घोषणा की थी, तभी से बैंकों व एटीएम पर लोगों की कतार लगती रही है। इधर बैैंकों में भीड़ काफी कम हो गई है, लेकिन एटीएम पर अब भी कतार लग रही है। शनिवार को बैंकों में शनिवार होने के कारण बंदी रही। ऐसे में एटीएम ही एक मात्र सहारा रहा, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में एक भी एटीएम नहीं चला। ऐसे में जो लोग कैश के लिए एटीएम पर पहुंचे, उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा। ऐसी ही स्थिति खलीलाबाद में भी रही। भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा का एटीएम बंद रहा तो यूको बैंक, स्टेट बैंक विकास भवन शाखा, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, यूनियन बैंक आदि के एटीएम भी बंद रहे। स्टेट बैंक की मुख्य शाखा के पास स्थित एटीएम पर पहुंचे राजेश कुमार ने बताया कि बैंक बंद होने के कारण एटीएम पर कैश निकालने आए थे, लेकिन एटीएम नहीं खुला। जिससे वापस लौटने की मजबूरी है। एचडीएफसी बैंक के एटीएम पर आए दिनेश कुमार ने कहा कि एटीएम के बाहर काफी देर से है। उम्मीद थी कि एटीएम खुलेगा, लेकिन एटीएम नहीं खुला। हालांकि इंडियन बैंक के एटीएम पर लोगों ने कैश निकाला, लेकिन यहां लंबी कतार लगी रही।