किशोरी संग दुष्कर्म की कोशिश, एतराज पर परिजनों को पीटा
संतकबीरनगर। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में किशोरी संग आरोपी ने दुष्कर्म की कोशिश की। उलाहना देने पर पीड़ित परिजनों को आरोपी ने अपने दो बेटों के साथ मिलकर पिटाई कर दी। सूचना पर 112 नंबर की पुलिस टीम पहुंची और कोतवाली पहुंचने की बात कह कर वापस लौट गई। पीड़ित परिजनों के कोतवाली पहुंचने पर पुलिस ने कार्रवाई करने की बजाए दवा कराने की बात कह कर लौटा दिया। मामला एसपी तक पहुंचा तो बृहस्पतिवार को पुलिस ने केस दर्ज किया।
पीड़ित मां का आरोप है कि चार फरवरी की रात आठ बजे उसकी नाबालिग बेटी नित्य क्रिया के लिए घर के पीछे खेत की ओर गई थी। उसी दौरान उसके घर के बगल का रहने वाला हरिराम एक अन्य युवक के साथ उसके बेटी के पास पहुंच गया। आरोप है कि हरिराम उसकी बेटी के साथ पहले छेड़खानी किया और बाद में दुष्कर्म करने की कोशिश की। बेटी के शोर मचाने पर उसके पति मौके पर पहुंच गए। तब तक दूसरा युवक भाग निकला। जिसे पति पहचान नहीं पाए। जबकि आरोपी हरिराम धमकाते हुए चला गया। बाद में आरोपी अपने दो बेटों को लेकर उसके घर पर आकर परिजनों को मारपीट कर घायल कर दिया। सूचना पर 112 नंबर की पुलिस मौके पर पहुंची और थाने पर चलने की बात कह कर लौट गई। आरोप है कि पीड़ित परिजन थाने गए और तहरीर दिए, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। दवा इलाज कराने की बात कर कोतवाली से लौटा दिया। पीड़ित परिजनों ने पांच फरवरी को एसपी को प्रार्थना पत्र देकर मामले से अवगत कराते हुए कार्रवाई की मांग की। कोतवाल अजय कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी हरिराम समेत अन्य पर छेड़खानी, मारपीट और धमकी का केस दर्ज कर लिया गया है। विवेचना से जो तथ्य सामने आएगा, उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।