संतकबीरनगर। पर्यटन की दृष्टि से जिले को विकसित करने की प्रशासन ने मुहिम शुरू की है। इसके तहत बखिरा झील को ईको टूरिज्म के रूप में विकसित करने की तैयारी चल रही है। इसके लिए प्रशासन ने 2.39 करोड़ रुपये का डीपीआर तैयार कर शासन को भेजा है। इसके निर्माण से जिले में पर्यटकों को आकर्षित करने की मंशा है।
पर्यटकाें को आकर्षित करने के लिए प्रशासन ने बखिरा झील को इको टूरिज्म के रूप में विकसित करने की योजना बनाई है।
इसके तहत ईको कॉटेज का निर्माण, गार्ड व ड्राइवर रूम, किचन, डाइनिंग एरिया, टाॅयलेट, प्रकाश व्यवस्था, सेल्फी प्वाइंट और पाथ-वे आदि बनाए जाएंगे। यहां पर भव्य प्रवेश द्वार भी बनाए जाने की योजना है। प्रशासन ने तहसील क्षेत्र खलीलाबाद के ग्राम सूरजाजोत में 0.910 हेक्टेयर जमीन चिह्नित की है।
इसे पर्यटन विभाग को उपलब्ध करा दिया है। साथ ही योजना का डीपीआर बनाकर शासन को भेजा है। परिसर की सुरक्षा के लिए बांउड्रीवाल बनाई जाएगी।