संतकबीरनगर। बखिरा पक्षी बिहार को पर्यटन के दृष्टिकोण से विकसित करने के लिए प्रशासन ने प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा था। इसके तहत पार्क बनाया जाना है। जिस पर करीब दो करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। शासन ने इसकी मंजूरी भी प्रदान कर दी, लेकिन अभी तक जमीन चिह्नित करने का कार्य नहीं हो सका है। हालांकि डीएम ने एसडीएम मेंहदावल को जमीन की उपलब्ध सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए है।
प्रशासन ने बखिरा झील का पर्यटन के दृष्टिकोण से तमाम योजनाएं शुरू की है। बखिरा डेवलपमेंट प्लाॅन के अंतर्गत एक हेक्टेयर क्षेत्रफल में पार्क तथा 2000 वर्ग मीटर में पाॅली हाउस आदि का निर्माण होना है। प्रशासन ने इसके लिए प्रस्ताव बनाकर करीब छह माह पूर्व शासन को भेजा था, जिसे नवंबर माह में शासन ने स्वीकृति प्रदान कर दी। इसके लिए जमीन चिन्हित करने के लिए पहल हुई, लेकिन अब तक जमीन की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं हो सकी है। जिसके कारण निर्माण कार्य शुरू होने में बाधा बनी हुई हैं।
वैसे पार्क में पाथवे, चहारदीवारी, बैठने के लिए बेंच, बागवानी और बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले आदि का निर्माण कराया जाना है। वर्तमान समय में बखिरा पक्षी बिहार में प्रवासी पक्षियों से गुलजार है। प्रशासन की मंशा है कि यहां पर पर्यटक आएं, जिससे इस क्षेत्र के लोगाें के आर्थिक स्थिति में सुधार हो सके।
-
बढ़ेगी व्यवसायिक गतिविधियां, लोगों को मिलेगा रोजगार
बखिरा पक्षी बिहार में पार्क सहित अन्य विकास कार्य होने से यहां पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। इससे आस-पास के लोगाें को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। व्यवसायिक गतिविधियां बढ़ने से लोगों की आर्थिक स्थिति में सुधार होने की भी उम्मीद है और पलायन भी रूकेगा। इस क्षेत्र के निवासी श्याम बहादुर सिंह, अमित कुमार आदि ने कहा कि बखिरा पक्षी बिहार के विकास और पार्क आदि के निर्माण से पर्यटकों की आमद बढ़ेगी। इस दिशा में ठोस पहल किए जाने की जरूरत है।
कोट
जमीन उपलब्ध कराने के लिए एसडीएम मेंहदावल को लगाया गया है। जमीन देखी गई है, जल्द ही यह समस्या दूर हो जाएगी। इसके बाद पार्क आदि का निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
-महेंद्र सिंह तंवर, डीएम