-त्योहारी सीजन बीतने पर बिजली निगम ने अघोषित कटौती शुरू की
बखिरा। बखिरा कस्बे में बिजली की अघोषित कटौती शुरू हो गई। बिजली की कटौती शुरू होने से लोग परेशान हो गए। कस्बे का कारोबार भी बिजली के अभाव में ठप हो गया है। कस्बेवासियों ने नगर पंचायत में कम से कम 18 घण्टे बिजली आपूर्ति की मांग किया है।
दीपावली व छठ का पर्व बीतते ही बिजली निगम ने बखिरा कस्बे में बिजली की अघोषित कटौती शुरू कर दिया है। 15 नवम्बर तक निर्बाध लोगों ने बिजली का आनंद लिया, लेकिन 16 नवम्बर की सुबह से ही बिजली की कटौती शुरू हो गई। हालत यह रही कि रविवार सुबह से ही गायब हो गई और बिजली पूरे दिन नदारद रही। कस्बे में बिजली आपूर्ति का समय निर्धारित नहीं होने से आमजन की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। क्षेत्र के शिवकुमार, सन्तराम, विशाल, महेश कुमार, दयाशंकर, हरिराम, राजेश ने बताया मुख्यमंत्री के आदेश पर 15 नवम्बर तक निर्बाध बिजली मिली, लेकिन 16 नवम्बर से ही बिजली की अघोषित कटौती शुरू हो गई। लोगों की शिकायत है कि यदि इसी तरह से बिजली आपूर्ति की जाएगी तो उनका कारोबार बुरी तरह से प्रभावित हो जाएगा। घरों में बिजली से चलने वाले उपकरण बेमतलब हो जा रहे हैं। लोगो ने इस संबंध में सम्बंधित जिम्मेदारों से शिकायत किया, लेकिन आपूर्ति शाम तक बहाल नही हो सकी।
अवर अभियंता बेचन प्रसाद ने बताया बिजली आपूर्ति में सुधार के लिए केबल बदलने का कार्य किया जा रहा है। इस वजह से बिजली आपूर्ति बाधित हुई हैं। शाम को छह बजे तक बहाल की जाएगी।