पानी निकासी के अभाव में सड़क पर बह रहा गंदा पानी
दुर्गंध से लोगों को आवागमन में हो रही दिक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी
रोसया बाजार। पौली ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत पौली में समस्याओं का अंबार है। यहां न तो जल निकासी की समुचित व्यवस्था और न ही साफ सफाई ठीक है। पानी निकासी की व्यवस्था न होने के कारण घरों का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। जिससे आने जाने वालों को तो दिक्कतें हो ही रही हैं। साथ ही पानी से उठ रही दुर्गंध से लोगों में संक्रामक बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है।
ग्राम पंचायत पौली की कुल आबादी लगभग 5000 है। जल निकासी की व्यवस्था न होने के कारण बारिश में तो समस्या होती ही है, लेकिन इस समय नालियों का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। जिससे लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यही नहीं गांव में तालाब के चारों तरफ से अतिक्रमण का शिकार हो जाने से घरों का पानी तालाब में न जाकर बाहर बहता है। ग्रामीण अलीरजा, समसूल, अक्तर अली, मसूद, सुबाष, वकील अहमद, मुन्ना खान, मो तौकीर, मुर्तजा, जमालुद्दीन, इसहाक, तनबीर आलम, जितेंद्र, मास्टर मो. रउफ, कमरुद्दीन, निजात अली आदि ने गांव में नाली निर्माण की मांग की है। प्रधान अताउलहक ने बताया कि तालाब कुछ लोग पाट लिए हैं। जिससे पानी बाहर बह रहा है। तालाब से अतिक्रमण हटने के बाद ही पानी बह सकता है। एडीओ पंचायत पौली गजानन पाल ने बताया कि नाली निर्माण के लिए प्रधान ने प्रस्ताव दिया है। जल्द ही पानी निकासी की व्यवस्था कराकर समस्या का समाधान करा दिया जाएगा। तालाब से अतिक्रमण भी हटवाया जाएगा।