लोहरैया। श्रावण मास के पहले सोमवार को लोहरैया क्षेत्र पूरी तरह शिवमय हो गया। चारों ओर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
सरयू और कुआनो नदी से जल लेकर हजारों शिवभक्त क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में पहुंचे और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की। बसवारी गांव स्थित प्राचीन बाबा बैजूनाथ शिव मंदिर में सोमवार तड़के करीब तीन बजे से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं।
श्रद्धालु हाथों में बेलपत्र, पुष्प, धतूरा एवं अन्य पूजन सामग्री लेकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। जैसे ही अवसर मिला उन्होंने पूरे श्रद्धाभाव के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंदिर परिसर में बैजूनाथ न्यास सेवा ट्रस्ट के पदाधिकारी श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्था बनाए रखने में जुटे रहे। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस एवं पीएसी के जवान मुस्तैद रहे। कुआनो नदी घाट पर भी सुरक्षा की समुचित व्यवस्था की गई थी। मंदिर परिसर और मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था रही। बैजूनाथ न्यास सेवा ट्रस्ट के महामंत्री जितेंद्र राय ने बताया कि श्रावण मास का पहला सोमवार अत्यंत उत्साहपूर्ण रहा। सुबह से देर तक हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा बैजनाथ का जलाभिषेक कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।