बारिश में लोकल फाल्ट की समस्या बढ़ी
हल्की हवा व बारिश में टूट रहे विद्युत के जर्जर तार, बाधित हो रही आपूर्ति
संतकबीरनगर। जिले में बिजली कटौती के साथ लोकल फाल्ट की समस्या उपभोक्ताओं के लिए मुसीबत बन गई है। हल्की हवा व बारिश में जर्जर तार टूट जा रहे हैं। इससे बिजली आपूर्ति ठप हो जा रही है। इसे ठीक कराने समय लग जाता है। ऐसे में उपभोक्ताओं का आक्रोश बढ़ रहा है।
वर्तमान में शहर से लेकर गांवों तक बिजली की कटौती हो रही है। शहर को 14 से 15 घंटे तो ग्रामीण क्षेत्रों में आठ से दस घंटे की बिजली मिल पा रही है।
इधर बारिश शुरू होने के बाद लोकल फाल्ट की समस्या बढ़ गई है। सबसे ज्यादा रात के समय में होने वाली बिजली कटौती से उपभोक्ताओं को परेशानी होती है। खलीलाबाद दक्षिणी फीडर से जुड़ेगड़सरपार, सेमरी, निचौरा, बरईपार पैठान, सहसरावमाफी, महास्थान, नहसापार, केरमुआ माफी, चकदही, धरैची, दुबौली आदि क्षेत्रों में तो आए दिन शाम को फाल्ट हो जा रहा है।
ऐसी ही स्थिति बेलहर ब्लॉक क्षेत्र और मेंहदावल क्षेत्र का भी है। खलीलाबाद क्षेत्र के उपभोक्ता मनोज कुमार, दिनेेश यादव आदि ने कहा कि एक तो बिजली की कटौती बढ़ गई है ऊपर से लोकल फाल्ट के चलते समस्या और बढ़ गई है। इस संबंध में विद्युत वितरण निगम के अधिशाषी अभियंता दिव्यरंजन ने कहा कि लोड बढ़ने के कारण दिक्कत आ रही है। कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि फाल्ट की सूचना मिलते ही उसे ठीक करें।