संतकबीरनगर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत कार्यरत आयुष चिकित्सकों ने मानदेय में विसंगति दूर करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन मंगलवार को जिलाधिकारी को सौंपा। आयुष डॉक्टर्स वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले दिए गए ज्ञापन में प्रदेश के करीब 4,000 आयुष चिकित्सकों के मानदेय में समानता की मांग की गई।
एसोसिएशन के डॉ. दीपक कुमार श्रीवास्तव का कहना था कि आयुष चिकित्सक वर्ष 2009-10 से स्वास्थ्य विभाग के निर्धारित दायित्वों के अनुसार सेवाएं दे रहे हैं। वर्ष 2009-10 और 2010-11 में आयुष और एमबीबीएस चिकित्सकों का मानदेय 24 हजार रुपये प्रतिमाह था। वर्तमान में एमबीबीएस चिकित्सकों का बेसिक मानदेय करीब एक लाख रुपये तक पहुंच गया है, जबकि आयुष चिकित्सकों को 32 हजार रुपये प्रतिमाह मिल रहे हैं।
एसोसिएशन ने इसे मानदेय की गंभीर विसंगति बताते हुए दूर करने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि आयुष चिकित्सक ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। एसोसिएशन ने 20 सितंबर तक सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की है। ऐसा न होने पर 21 सितंबर से लखनऊ में मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री के आवास पर शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा।
ज्ञापन देने वालों में डॉ. राकेश कुमार, डॉ. हरेंद्र मौर्य, डॉ. शुभम मौर्य, डॉ. मनोज कुमार, डॉ. अवधेश कुमार, डॉ. विवेक कुमार, डॉ. मंजर हुसैन, डॉ. हाशिम अंसारी, अमित उपाध्याय, उमेश चंद्रा और डॉ. हरीश चंद्र आदि शामिल रहे।