धनघटा। जनपद न्यायाधीश मोहन लाल विश्वकर्मा के निर्देशन में बृहस्पतिवार को घनघटा बाजार में राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर रैली निकाली गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से आयोजित रैली में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
घनघटा तहसील से प्रारंभ हुई जागरूकता रैली में मुख्य बाजार तक लगभग 150 लोगों ने पैदल मार्च किया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव व अपर जिला जज देवेंद्र नाथ गोस्वामी ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन जिला न्यायालय में 13 दिसंबर को किया गया है। लोक अदालत में पक्षकार उपस्थित होकर प्रार्थना पत्र दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि लोक अदालत में सुलह योग्य फौजदारी मामले, दीवानी वाद, भरण पोषण वाद, मोटर अधिनियम वाद, स्टांप वाद, पंजीयन वाद, चकबंदी वाद, श्रम वाद, मोटर दुर्घटना प्रतिकर वाद, उपभोक्ता फोरम वाद, किराएदारी वाद सुलह-समझौते के आधार पर सुलझाए जाएंगे।
इसके अलावा चेक बाउंस से संबंधित मामले, बैंक लोन मामले, उत्तराधिकार प्रमाण पत्र से संबंधित मामले, कराधान प्रकरण, बिजली चोरी से संबंधित शमनीय वाद, वन अधिनियम के मामले, पुलिस अधिनियम के अंतर्गत शमनीय वाद, स्थाई लोक अदालत के मामले, गृह कर, जल कर, बाट माप अधिनियम के मामले तथा स्थानीय विधियों के अंतर्गत सुलह योग्य वाद निस्तारित कराए जा सकते हैं। वैवाहिक एवं पारिवारिक मामलों का भी निस्तारण सुलह समझौते के आधार पर किया जा सकता है।
ऐसे पारिवारिक मामलों जो किसी न्यायालय में लंबित नहीं है वो प्री-लिटिगेशन स्तर पर पक्षकार द्वारा प्रार्थना पत्र देकर सुलह समझौते के माध्यम से निस्तारित कराया जा सकता है जिसका आदेश सिविल न्यायालय की डिक्री के समान होगा। इस अवसर पर डिफेंस काउंसिल सिस्टम के चीफ अंजय कुमार श्रीवास्तव, तहसीलदार राम जी, नायब तहसीलदार हरेराम यादव, प्रदीप कुमार श्रीवास्तव, पीएलवी लल्लन यादव, मंजूरानी, अधिवक्ता सुरेंद्र सिंह, विश्वंभर नाथ, राम अनुज राय, अरुण कुमार श्रीवास्तव, रवि शंकर पांडेय, राम सुरेश, थाना प्रभारी जय प्रकाश दुबे आदि मौजूद रहे।