संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। खलीलाबाद ब्लॉक के पूर्व माध्यमिक विद्यालय बड़गों में तैनात सहायक अध्यापक डॉ. हरि प्रकाश पाठक को राज्य अध्यापक पुरस्कार-2019 से सम्मानित किया जाएगा।
डॉ. हरि प्रकाश की तैनाती वर्ष 2004 में पूर्व माध्यमिक विद्यालय बड़गों में सहायक अध्यापक के रूप में हुई। वर्तमान में वे सहायक रिसोर्स पर्सन (एआरपी) का दायित्व भी संभाल रहे है। तैनाती के बाद उन्होंने विज्ञान, गणित के शिक्षण को रुचिकर बनाया। करके सीखने के माध्यम से विज्ञान की पढ़ाई पर जोर दिया। इसी क्रम में पानी से बिजली बनाकर जनपद में प्रदर्शनी के दौरान पुरस्कृत भी हुए थे। डॉ. पाठक मूल रूप से गोरयाडाड चिकनियाडीह के निवासी हैं। इनके पिता राम गोविंद पाठक गोरखपुर जनपद के जोगिया पाली इंटर कॉलेज सहजनवां में प्रधानाचार्य पद से सेवानिवृत्त हुए हैं।
राज्य अध्यापक पुरस्कार दिए जाने की घोषणा पर बीएसए सत्येंद्र कुमार सिंह, बीईओ प्रमोद कुमार तिवारी, बीईओ डॉ. नरेंद्र सिंह, प्राथमिक शिक्षक संघ की जिलाध्यक्ष अंबिका देवी यादव, बीटीसी शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अरविंद चौधरी, डीसी एमडीएम धीरेंद्र प्रताप चंद, डीसी समेकित रजनीश वैद्यनाथ, केसी सिंह, राजेंद्र यादव, भानू प्रकाश उपाध्याय, मनोज पांडेय समेत अन्य शिक्षकों ने बधाई दी है।