सांथा लोहरसन के पास ऑटो पार्ट्स की दुकान में लगी आग-स्रोत ग्रामीण
- फोटो : शहर के एक रेस्टोरेंट में मिठाई खरीदती महिलाएं।
सांथा। बेलहर थाना क्षेत्र में एक ऑटो पार्ट की दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इस घटना में दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जल गया। आग पर काबू पाने के लिए दमकल और स्थानीय ग्रामीणों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों के प्रयास करने के एक घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका।
सांथा क्षेत्र के सांथा-लोहरसन मार्ग परखरिका पांडेय निवासी सत्यम पाण्डेय की सत्यम ऑटो पार्ट्स की दुकान है। जानकारी के अनुसार, सोमवार रात लगभग नौ बजे दुकान में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग की चपेट में आने से दुकान में रखी एक मोटरसाइकिल, बैटरी, ऑयल, विभिन्न पार्ट, केबल और इंजन का सामान सहित लगभग पूरा स्टॉक जलकर नष्ट हो गया। भीषण आग के कारण दुकान की दीवारें भी फट गईं, जिससे इमारत को भी काफी नुकसान पहुंचा है।
आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और दमकलकर्मियों के अथक प्रयासों के बाद आग पर मुश्किल से काबू पाया जा सका। बेलहर के एसओ अनिल कुमार भी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयासों में सहयोग किया। एसओ अनिल कुमार ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया, हालांकि कुछ नुकसान हुआ है। राजस्व कर्मी को सूचना दे दी गई है।