संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। धनघटा थाना क्षेत्र के औराडाड़ गांव में पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद हो गया। इसमें पिता, मां और भाइयों के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित भोलानाथ ने चार परिजन पर मारपीट, गेहूं उठा ले जाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
न्यायालय में दिए गए प्रार्थनापत्र के अनुसार, 29 मई 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे पिता हरिभजन परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों की मौजूदगी में पैतृक संपत्ति का बंटवारा करा रहे थे। आरोप है कि मनमाफिक हिस्सा न मिलने पर मार्कंडेय, अमरनाथ, शेषनाथ और शेषनाथ की पत्नी नीलम ने गालियां देनी शुरू कर दीं।
विरोध करने पर अमरनाथ ने लकड़ी के मुगदर से पिता के सिर पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे भोलानाथ और उनकी मां के साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि मार्कंडेय ने डंडे से भोलानाथ के सिर पर प्रहार किया, जिससे वह जमीन पर गिर गए। बीच-बचाव करने आए अन्य भाइयों के साथ भी मारपीट की गई, जिसमें कई लोगों को चोटें आईं।
पीड़ित ने घर में रखा बंटवारे में मिला 1,310 किलोग्राम गेहूं उठा ले जाने का भी आरोप लगाया है। घटना की सूचना डायल 112 और पुलिस को दी गई थी।
भोलानाथ का सीएचसी मलौली में उपचार कराया गया, जहां से गंभीर चोटों के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।