- मेंहदावल क्षेत्र के ददरा बूथ का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
मेंहदावल। क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय ददरा बूथ संख्या 207 में मतदान को लेकर लगाई गई ड्यूटी में पी-2 की मतदान कर्मी शालिनी चतुर्वेदी शनिवार की सुबह मतदान केंद्र पर नहीं पहुंची। जब पीठासीन अधिकारी ने मोबाइल फोन पर संपर्क किया तो उन्होंने ड्यूटी करने से मना कर दिया। मामले की सूचना सेक्टर मजिस्ट्रेट को दी गई तो आनन-फानन में रिजर्व कर्मचारी भेजा गया, तब जाकर मतदान शुरू हुआ। इस कारण काफी देर तक मतदान प्रभावित हुआ। सेक्टर मजिस्ट्रेट की तहरीर पर मेंहदावल पुलिस ने शालिनी के खिलाफ केस दर्ज किया है।
मेंहदावल क्षेत्र के ग्राम पंचायत ददरा स्थित प्राथमिक विद्यालय बूथ संख्या 207 पर सहायक अध्यापिका शालिनी चतुर्वेदी प्राथमिक विद्यालय कानापार की ड्यूटी पी 2 मतदान कर्मी के रूप में लगाई गई थी। शुक्रवार को पोलिंग पार्टी के साथ ईवीएम मशीन लेकर वह बूथ तक आई भी। लेकिन रात में वह वापस यह कहकर पीठासीन अधिकारी से की सुबह मतदान से शुरू होने से पूर्व अपनी ड्यूटी पर आ जाएंगी और वापस चली आई थी। लेकिन सुबह सात बजे तक जब वह ड्यूटी पर नहीं पहुंची तो पीठासीन अधिकारी ने तत्काल इसकी सूचना सेक्टर मजिस्ट्रेट को दी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वह बूथ पर पहुंचे और जानकारी ली तो पता चला कि मोबाइल फोन पर संपर्क करने पर उन्होंने ड्यूटी करने से इन्कार कर दिया।
सेक्टर मजिस्ट्रेट राम उजागिर लाल सहायक अभियंता ड्रेनेज खंड द्वितीय की तहरीर पर मेंहदावल पुलिस ने मतदान ड्यूटी से गायब महिला कर्मचारी के खिलाफ केस दर्ज किया है। सीओ राघवेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज हुआ है।