मेंहदावल। थाना क्षेत्र के बौधरा ताल मंदिर के पास दर्शन के लिए गए एक परिवार पर चार लोगों ने मारपीट कर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। मारपीट के दौरान महिला का मंगल सूत्र टूटकर गिर गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चारों नामजद आरोपितों पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बढ़या टोला खैरहवा निवासी पंकज यादव बताया कि शनिवार की रात लगभग 10:00 बजे वह पत्नी और बहन के साथ बौधरा ताल मंदिर गए थे। मंदिर के पास कहासुनी के दौरान सोनवरसा निवासी पवन यादव, विजय, ओमकार और अजय ने उन्हें घेर लिया और मारना-पीटना शुरू कर दिया। पंकज का आरोप है कि मारपीट के दौरान उनकी पत्नी का मंगल सूत्र टूटकर कहीं गिर गया। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि चारों नामजद आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।