संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद थाना क्षेत्र के बरी गांव में गोबर फेंकने के विवाद में मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित के तहरीर पर पुलिस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुट गई है
बरी गांव निवासी चंद्रशेखर ने कोतवाली खलीलाबाद में दी गई तहरीर में जानकारी दी कि 25 जून की शाम करीब छह बजे उसके दरवाजे के सामने गोबर फेंकने की बात को लेकर गांव के विजयधारी, लालजी, दिवाकर, ज्ञानमती, हरिकेश और शीला ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया। आरोप है कि सभी ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने उसके घर का छप्पर भी तोड़ दिया। उसने बताया कि वह रोजी-रोटी के सिलसिले में अक्सर बाहर रहता है, जिसका फायदा उठाकर आरोपी उसकी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों को लगातार प्रताड़ित करते हैं। कोतवाल जयप्रकाश दुबे ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।