संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। स्पर्श पोर्टल से भुगतान की प्रक्रिया शुरू होने के बाद पारिश्रमिक के भुगतान में आ रही दिक्कतों को दूर करने और राज्य कर्मचारी घोषित कर निश्चित मानदेय दिए जाने की मांग को लेकर बुधवार को आशा और आशा संगिनी कार्यकर्ताओं ने सीएमओ व डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपकर कहा कि यदि 15 दिसंबर तक मांगों का निस्तारण नहीं किया गया तो वृहद आंदोलन किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश आशा वर्कर्स यूनियन के बैनर तले बड़ी संख्या में आशा और आशा संगिनी सीएमओ कार्यालय पहुंचीं और प्रदर्शन किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष सरोज यादव ने कहा कि स्पर्श पोर्टल से भुगतान की व्यवस्था शुरू होने के बाद पारिश्रमिक भुगतान सही से नहीं हो रहा है। त्योहारों के गुजर जाने के बाद भी तमाम ब्लॉकों में भुगतान फंसा है। इसके कारण आशा और आशा संगिनी आर्थिक तंगी से जूझ रही हैं।
उन्होंने कहा कि आशाओं के लिए कोई काम का समय तय नहीं है। 24 घंटे सेवा देने के बाद भी समय से भुगतान न होना अन्याय है। उन्होंने कहा कि सरकार आशा और आशा संगिनी को राज्य कर्मचारी घोषित करें और आशा को निश्चित मानदेय दें। इसके बाद आशा और आशा संगिनी ने सीएमओ को ज्ञापन सौंपा। यहां से आशा और आशा संगिनी डीएम कार्यालय पहुंची और प्रदर्शन कर डीएम को ज्ञापन सौंपा। आशा कार्यकर्ताओं ने सरकार को चेतावनी दी कि यदि मांगों को निस्तारण नहीं किया गया तो 15 दिसंबर से कामकाज ठप कर वृहद आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा।
प्रदर्शन में विजय लक्ष्मी, सत्यभामा, संजना मिश्रा, अनीता देवी, संजू प्रभा, सुभावती देवी, सुशीला देवी, इंद्रपरी पांडेय, मीना देवी, ललिता देवी, मीनू शर्मा आदि शामिल रहीं।