संतकबीरनगर। आशा संगिनी का परिणाम घोषित करने की मांग को लेकर सोमवार को एक बार फिर आशा कार्यकर्ताओं ने सीएमओ का घेराव किया। इस दौरान सीएमओ ने पुलिस बुलाने की बात कह दी, जिससे आशा कार्यकर्ता भड़क गईं। इसके बाद आशा कार्यकर्ताओं और सीएमओ में जमकर नोकझोंक हुई।
आशा कार्यकर्ताओं का आरोप था कि आशा संगिनी के लिए सभी औपचारिकताएं पहले ही पूर्ण कर ली गई है, इसके बाद भी उन्हें साइकिल ट्रायल के लिए सीएमओ दफ्तर पर बुलाया गया। यहां पहुंचने पर ट्रायल स्थगित करने की बात कहकर वापस लौट जाने को कहा गया।
आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि अगर ट्रायल स्थगित कर दिया गया था, तो उन्हें सूचना दी जानी चाहिए थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। आरोप लगाया कि जानबूझकर अधिकारी परिणाम घोषित करने में हीलाहवाली कर रहे है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बाद आशा कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर आशा संगिनी का परिणाम घोषित करने की मांग की।
सोमवार को खलीलाबाद, नाथनगर, हैंसरबाजार, शनिचरा बाजार पौली की आशाओं को साइकिल ट्रायल के लिए सीएमओ दफ्तर पर बुलाया गया था। आशा कार्यकर्ता जब सीएमओ दफ्तर पहुंची तो उन्हें ट्रायल स्थगित करने की जानकारी दी गई।
इस पर राज्य महिला आशा स्वास्थ्य कार्यकत्री संघ की जिला उपाध्यक्ष एवं खलीलाबाद ब्लाक अध्यक्ष सरोज यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता सीएमओ से वार्ता के लिए उनके कक्ष में पहुंची। इस दौरान सीएमओ ने पुलिस बुलाकर आशाओं को बाहर करने की बात कह दी, इसके बाद आशा कार्यकर्ता भड़क गई।
आशा कार्यकर्ताओं का कहना था कि जब ट्रायल स्थगित कर दिया गया था तो उसकी सूचना देनी चाहिए थी। भीषण गर्मी में दूर-दराज से आशा कार्यकर्ता जब यहां आ गई है तो उनकी बात सुनी जानी चाहिए थी, लेकिन सुनने की जगह पुलिस की धमकी दी जा रही है।
इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बाद में सीएमओ डॉक्टर आनंद प्रकाश श्रीवास्तव ने डीएम से परिणाम घोषित करने के लिए अनुमति मांगने की बात कही और इसकी सूचना उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया तब जाकर आशा कार्यकर्ता वापस लौटने को राजी हुई।
वार्ता के दौरान संरक्षक बालगोविंद सिंह, सरोज यादव, अनीता देवी, मायावती, पुष्पा देवी, सावित्री मौर्या, कमलावती देवी, संकलावती, विमला देवी, मिथलेश देवी, विमलावती देवी, संगीता गुप्ता, गुड्डी देवी, वेदांती, प्रेमलता सिंह, कैलाशी देवी, आशा देवी, चिंतामणि, सुनीता देवी आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहीं। इसके बाद आशा कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय पहुंची और आशा संगिनी का परिणाम घोषित करने की मांग को लेकर ज्ञापन दिया।