बूथों की व्यवस्था कर लें दुरूस्त, लापरवाही बर्दाश्त नहीं
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। लोकसभा चुनाव को स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से सम्पन्न कराने के लिए नामित नोडल प्रभारी अपने कार्यों की समयसारिणी बना लें। तय समय से कार्य पूरा करें। मतदानकर्मियों के प्रशिक्षण, बूथों और सुरक्षा बलों के रुकने वाले जगह की तैयारी को देख लें।ये निर्देश डीएम/जिला निर्वाचन अधिकारी रवीश गुप्ता ने दी। वे सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रभारी अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
डीएम ने कहा कि अधिकारी आयोग के निर्देशों को समझ लें और संदेह होने पर उपजिला निर्वाचन अधिकारी से चर्चा कर लें। कार्मिक प्रभारी/सीडीओ मतदान कार्मिकों के प्रशिक्षण की तिथि निर्धारित कर लें। पीठासीन अधिकारियों को ड्यूटी पत्र वितरित कर दिया जाए। प्रशिक्षण स्थल पर मतदान संबंधी वीडियो दिखाने, सैद्धांतिक एवं व्यवहारिक जानकारी देने तथा छोटे-छोटे समूह में ईवीएम और वीवी पैट संचालन का अभ्यास कराने की व्यवस्था की जाए। प्रशिक्षण स्थल पर टेंट, शुद्ध पेयजल, ओआरएस पैकेट तथा परिचय पत्र आदि उपलब्ध रखा जाए। इस बैठक में प्रेक्षक व्यवस्था, स्टेशनरी, वाहन, शिकायतों का निस्तारण, डाक मतपत्र, व्यय अनुवीक्षण, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, सूचना का आदान प्रदान, दूर संचार व्यवस्था की समीक्षा की गई तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए। डीएम ने निर्देश दिए कि मतदाता शिक्षा एवं मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के तहत कराए जा रहे कार्यक्रमों की रिपोर्ट प्रतिदिन शाम चार बजे तक डीपीआरओ को उपलब्ध करा दें। बैठक का संचालन उप जिला निर्वाचन अधिकारी रणविजय सिंह ने किया। इस दौरान सीडीओ हाकिम सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक असित श्रीवास्तव, सीएमओ डॉ. हरगोविंद सिंह, एसडीएम एसपी सिंह, प्रेमप्रकाश अजोर, राजनारायण तिवारी, पीडी प्रमोद कुमार यादव, रविंद्र नाथ सिंह, सत्येंद्र सिंह, चंद्रशेखर यादव समेत सभी प्रभारी अधिकारीगण उपस्थित रहे।