कलक्ट्रेट सभागार में नियुक्ति पत्र के साथ प्राविधिक सहायक व अधिकारी। स्रोत-सूचना विभाग
संतकबीरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से चयनित प्रदेश के 3446 प्राविधिक सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित किया। इसी क्रम में जिले में चयनित 36 अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति पत्र सौंपा गया। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण डीएम आलोक कुमार की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में किया गया, जिसे लोगों ने देखा और सुना।
डीएम ने सभी नव चयनित एवं नवनियुक्त प्राविधिक सहायक ग्रुप सी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश एवं केंद्र सरकार के स्तर से कृषि विभाग द्वारा किसानों के उत्थान, उत्पादन, उत्पादकता वृद्धि के लिए चलाई जाने वाली योजनाओं का क्रियान्वयन पूरे मनोभाव से करें।
उप कृषि निदेशक डाॅ. राकेश कुमार सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग लखनऊ द्वारा 23 जून 2026 को घोषित किए गए परिणाम अंतर्गत 3446 पदों पर चयनित अभ्यार्थियों को शासन द्वारा चयन के क्रम में जिले में कुल 36 प्राविधिक सहायक ग्रुप सी का नियुक्ति पत्र उनके द्वारा जारी किया गया है।
इस अवसर पर एमएलसी प्रतिनिधि अम्बरीश राय, सीडीओ जयकेश त्रिपाठी, जिला कृषि अधिकारी डाॅ. सर्वेश कुमार यादव आदि मौजूद रहे।