संतकबीरनगर। शुक्रवार को हाईस्कूल अंग्रेजी की परीक्षा में दूसरे की जगह परीक्षा दे रहे युवक को आंतरिक सचल दस्ते ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। एक अन्य केंद्र पर छात्रा को नकल सामग्री देते होमगार्ड स्टेटिक मजिस्ट्रेट ने दौड़ा लिया। होमगार्ड भागने में सफल रहा। दोनों परीक्षार्थियों को रस्टिकेट कर दिया गया है।
डीआईओएस कार्यालय में बने कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार, सुबह की पाली में संत रामानंद पारस देई इंटर कॉलेज बेलघाट रीठा केंद्र पर आंतरिक सचल दस्ते को एक परीक्षार्थी पर शक हुआ। उससे पूछताछ की गई तो उसने अपना नाम अर्पित यादव बताया जबकि वह सोहन यादव के स्थान पर परीक्षा दे रहा था।
उसे केंद्र व्यवस्थापक ने पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़ा गया युवक अंबेडकरनगर जनपद का निवासी है। इसी तरह पंडित रामकृपाल पांडेय इंटर कॉलेज महेश्वरपुर पौली में एक कमरे में बने होल से होमगार्ड कुछ नकल सामग्री एक छात्रा को दे रहा था। स्टेटिक मजिस्ट्रेट ने उसे देख लिया और होमगार्ड को दौड़ा लिया। होमगार्ड भागने में सफल रहा। छात्रा की तलाशी ली गई तो उसके पास से नकल सामग्री मिल गई। केंद्र व्यवस्थापक ने छात्रा को रस्टिकेट कर दिया।
शाम की पाली में इंटरमीडिएट गणित विषय की परीक्षा थी जो शांतिपूर्वक निपट गई। डीआईओएस शिव कुमार ओझा ने बताया कि दूसरे की जगह परीक्षा दे रहे परीक्षार्थी को रस्टिकेट करते हुए पुलिस के हवाले कर दिया गया है। इसी के साथ ही एक छात्रा को भी रस्टिकेट किया गया है। उसको नकल सामग्री देने वाले होमगार्ड की पहचान कराई जा रही है। उसके बाद उसके खिलाफ भी केस दर्ज कराया जाएगा।
केंद्र व्यवस्थापक आदत सुधारे नहीं तो जाएंगे जेल:डीएम
संतकबीरनगर। डीएम मार्कंडेय शाही ने शुक्रवार को सुबह की पाली में तीन परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। तीनों परीक्षा केंद्रों पर लापरवाही मिली। डीएम ने केेंद्र व्यवस्थापकों को कड़ी फटकार लगाई और आदत में सुधार लाने की चेतावनी दी। कहा कि दोबारा लापरवाही मिली तो जेल भेज दिया जाएगा।
डीएम ने बताया कि आदर्श इंटर कॉलेज पचपेड़वा, आदर्श इंटर कॉलेज सिहटीकर और श्रीराम आधार चौधरी इंटर कॉलेज बघौली का निरीक्षण किया। तीनों केंद्र व्यवस्थापकों को व्यवस्था में सुधार की हिदायत दी गई। चेतावनी दी कि अगले निरीक्षण में लापरवाही मिली तो जेल भेज दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि समस्त केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश जारी किया गए है कि अगर उनके केंद्रों पर नकल मिली तो अब सीधे जेल भेजे जाने की कार्रवाई होगी। नकल विहीन परीक्षा के लिए प्रशासन कटिबद्ध है।
तीन परीक्षा केंद्रों पर नहीं थे स्टेटिक मजिस्ट्रेट
संतकबीरनगर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा में शुक्रवार को स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज मुसहरा, विवेकानंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मुसहरा, जनता इंटर कॉलेज धर्मसिंहवा में परीक्षा के दौरान स्टेटिक मजिस्ट्रेट केंद्र पर मौजूद नहीं रहे। इसकी सूचना कलेक्ट्रेट में बने कंट्रोल रूम को मिली। कंट्रोल रूम के प्रभारी ने मामले से डीआईओएस को अवगत कराया।