संतकबीरनगर। ऑटो चालक हिदायतुल्लाह की हत्या के मामले में पकड़ा गया अनुज चौहान पहले भी हत्या के मामले में जेल जा चुका है। जनवरी माह में ही वह जेल से छूटकर बाहर आया था। वर्ष 2022 में उसने अपने चाचा और चचेरे भाई को फरसे और चाकू से काट डाला था। इस घटना में उसके पिता के साथ ही तीन दोस्त भी शामिल थे।
कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के इमलीडहा गांव में 17 अगस्त 2022 की रात को वहां के निवासी गणेश प्रसाद चौहान और उनके 17 साल के बेटे धर्मवीर चौहान की हत्या कर दी गई थी। हत्या के दौरान वह दोनों खेत की सिंचाई के लिए गए हुए थे। इस मामले का खुलासा पुलिस ने एक महीने बाद 15 सितंबर 2022 को किया था। साक्ष्यों के आधार पर पड़ोसी अनुज पुत्र नंदलाल को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
जब पुलिस ने उससे पूछताछ की थी तो अनुज ने बताया कि पिता नंदलाल से पड़ोसी गणेश से मनमुटाव रहता था। गणेश अक्सर मां को अपशब्द कहता रहता था। इसके बाद उसने अपने दोस्त राजा बेलदार निवासी बरईपार कोतवाली, निरंजन चौहान निवासी उमरीकला कोतवाली और अभय यादव निवासी अशरफपुर थाना दुधारा के साथ मिलकर हत्या की घटना को अंजाम दिया था।
17 अगस्त की रात गणेश अपने बेटे धर्मवीर के साथ खेत की सिंचाई करने गया था। उसी दौरान उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर फरसा और चाकू से प्रहार कर दोनों की हत्या कर दी। वह इस कदर शातिर था कि घटना के बाद हमेशा अपने चाचा के दूसरे बेटे के साथ रहता था। पूरे मामले की निगरानी भी करता था।