बेलहर। विकासखंड के ग्राम पंचायत कूड़ीमनमन में सरकार की अन्नपूर्णा योजना का लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल पा रहा है। गांव में तैयार अन्नपूर्णा भवन के मुख्य द्वार पर लंबे समय से ताला लटक रहा है। भवन तैयार होने के बावजूद यहां से राशन वितरण शुरू नहीं हो सका है। इसके चलते कोटेदार के घर से ही ग्रामीणों को राशन वितरित किया जा रहा है।
सरकार ने राशन वितरण व्यवस्था को बेहतर और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से अन्नपूर्णा भवन तैयार कराया है। इसके बावजूद भवन का इस्तेमाल नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि जब भवन बनकर तैयार है तो राशन की दुकान को वहां शिफ्ट कराकर वितरण शुरू कराया जाना चाहिए, ताकि योजना का उद्देश्य पूरा हो सके।
ग्रामीणों का कहना है कि अन्नपूर्णा भवन पर ताला लटकने से सरकारी धन के उपयोग पर भी सवाल उठ रहे हैं। भवन का इस्तेमाल नहीं होने के कारण यह सुविधा केंद्र के बजाय महज शोपीस बनकर रह गया है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द दुकान को अन्नपूर्णा भवन में शिफ्ट कर राशन वितरण शुरू कराने की मांग की है।
पूर्ति निरीक्षक अभिषेक कुमार ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर कोटेदार की दुकान को अन्नपूर्णा भवन में शिफ्ट कराया जाएगा।