बेलहर। विकासखंड बेलहर कला की ग्राम पंचायत भेड़ौरा पिकौरा में करीब 30 वर्ष पहले बना एएनएम सेंटर अब खंडहर में तब्दील हो चुका है।
भवन के जर्जर होने से यहां स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह ठप हैं। इससे ग्रामीणों को इलाज, टीकाकरण और अन्य बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए दूसरे गांवों या सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का रुख करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से एएनएम सेंटर की न तो मरम्मत कराई गई और न ही इसके पुनर्निर्माण की दिशा में कोई पहल हुई। भवन की छत, दीवारें और अन्य हिस्से क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, इससे यहां बैठना भी सुरक्षित नहीं रह गया है। इसके चलते गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच, नवजात शिशुओं और बच्चों के टीकाकरण सहित कई स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।
ग्रामीण अश्विनी कुमार पांडेय, अनिल कुमार, राजमंगल, आनंद कुमार, विपिन शर्मा, जगदीश पाल और जयराम ने बताया कि संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि यदि जल्द ही भवन का पुनर्निर्माण नहीं कराई गई तो गांव के लोगों को लंबे समय तक स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित रहना पड़ेगा।
ग्रामीणों ने मांग की है कि जर्जर एएनएम सेंटर का शीघ्र सर्वे कराकर उसके पुनर्निर्माण की व्यवस्था कराई जाए, ताकि जनता को गांव में ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।