- बोर्ड की बैठक न होने पर भूख हड़ताल पर बैठने की दी चेतावनी
- कमिश्नर को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
मेंहदावल। नगर पंचायत मेंहदावल बोर्ड की एक वर्ष बीत जाने के बाद भी बैठक न होने से नाराज सभासदों ने मंगलवार को नगर पंचायत सभागार में बैठक की। बैठक में सभासदों ने अध्यक्ष तथा ईओ के कार्यशैली पर सवाल खड़ा करते हुए नगर पंचायत में भ्रष्टाचार तथा अव्यवस्था का मामला उठाया। कमिश्नर को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है। कार्रवाई न होने पर भूख हड़ताल पर बैठने का निर्णय सभासदों ने लिया।
बोर्ड की बैठक न होने से नाराज सभासदों ने नगर पंचायत अध्यक्ष तथा अधिशासी अधिकारी के विरुद्ध मोर्चा खोल दिए हैं। सभासद संघ के अध्यक्ष अब्दुल मन्नान की अध्यक्षता में नगर पंचायत सभागार में सभासदों ने बैठक की। बैठक में सभासदों ने कहा कि 6 जून 2023 को प्रथम बोर्ड की बैठक हुई थी। उसके बाद से आज तक नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी व अध्यक्ष ने कोई बैठक नहीं बुलाई। जब बोर्ड की बैठक ही नहीं हो पा रही है तो नगर विकास का खाका नगर पंचायत प्रशासन कैसे खींचेगा।
सभासद संघ के अध्यक्ष अब्दुल मन्नान ने कहा कि वर्तमान समय में नगर पंचायत भ्रष्टाचार तथा व्यवस्थाओं का अड्डा बन गया है। नगर में लगाए गए आरो मशीन अभी 15 दिन भी नहीं हुए लगे खराब होने लगे। आरो मशीन की कीमत सात से 10000 रुपये है और नगर पंचायत प्रशासन 26000 रुपये प्रति आरओ का भुगतान करा दिया है। नगर पंचायत कार्यालय का वाइटवॉश बिना कराए ही 15 लाख 56 हज़ार रुपया निकाल लिया गया है। बोर्ड की बैठक कराने से अध्यक्ष तथा अधिशासी अधिकारी भाग रहे हैं। सभासदों ने मंडल आयुक्त बस्ती मंडल को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है। एक सप्ताह में कार्रवाई न होने पर नगर पंचायत कार्यालय पर सभासद भूख हड़ताल पर बैठने की चेतावनी दी है। इस दौरान सभासद विश्वराज सिंह, आशीष सिंह, संदीप तिवारी, मोहम्मद अहमद, सुखदेव निषाद, सुनीता, इंद्रावती, शहाबुद्दीन, उत्तरा निषाद, हरिकेश आदि मौजूद रहे।
बोर्ड की बैठक के लिए जल्द ही एजेंडा तय कर दिया जाएगा, सभासदों की नाराजगी दूर की जाएगी। भ्रष्टाचार का आरोप बेबुनियाद है।
- लक्ष्मी निषाद, अध्यक्ष नगर पंचायत मेंहदावल