मेंहदावल। दुधारा थाना क्षेत्र के डिघवा गांव में डेढ़ माह के बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला तूल पकड़ने लगा है। बच्चे की मां माधुरी देवी ने चार लोगों पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए थाने में नामजद तहरीर दी थी। इसके बावजूद प्राथमिकी दर्ज न होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई। शनिवार को ग्रामीणों की मांग पर मेंहदावल के पूर्व विधायक राकेश सिंह बघेल गांव पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
पूर्व विधायक के गांव पहुंचने की जानकारी पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि नामजद आरोपित दबंग किस्म के हैं और उनके प्रभाव में पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने मामले में तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
पीड़ित मां माधुरी देवी का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने उसके डेढ़ माह के बच्चे की गला दबाकर हत्या कर दी। इस संबंध में तहरीर देने के बावजूद कार्रवाई न होने से परिवार परेशान है। ग्रामीणों में भी इस बात को लेकर आक्रोश है कि गंभीर आरोप के बावजूद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्व विधायक राकेश सिंह बघेल ने मौके से ही जिले के उच्चाधिकारियों से फोन पर बात की और उन्हें पूरे प्रकरण से अवगत कराया। इसके बाद अधिकारियों ने दुधारा थानाध्यक्ष को प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना करने को कहा। पूर्व विधायक ने कहा कि पुलिस ने आश्वासन दिया है कि शनिवार देर शाम तक प्राथमिकी दर्ज कर लिया जाएगा।