सांथा। विकास खंड के ग्राम पंचायत अगियौना में नियमों और खेल भावना को ताक पर रखकर खेल मैदान की भूमि पर आंगनबाड़ी भवन का निर्माण कराए जाने का मामला प्रकाश में आया है। युवा खिलाड़ियों के भविष्य और उनके खेल मैदान को उजाड़कर किए जा रहे इस निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और युवाओं में आक्रोश है।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के बच्चों और युवाओं के खेलने के लिए चिह्नित एकमात्र खेल मैदान के भीतर ही आंगनबाड़ी केंद्र के भवन का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। नियमानुसार खेल मैदान की भूमि का उपयोग किसी अन्य निर्माण कार्य के लिए नहीं किया जा सकता, लेकिन इस नियम की अनदेखी की रही है।
स्थानीय युवाओं का कहना है कि खेल मैदान के निर्माण होने से पूरा मैदान बर्बाद हो जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में पहले से ही खेल संसाधनों और मैदानों का अभाव है। ऐसे में उपलब्ध मैदान पर भी कब्जा होने से उनके पास अभ्यास के लिए कोई जगह नहीं बचेगी। ग्रामीणों ने इस निर्माण कार्य को तत्काल रोकने और आंगनबाड़ी भवन के लिए किसी अन्य उपयुक्त सरकारी भूमि का चयन करने की मांग की है।