घर के अंदर फंदे से लटककर महिला ने दी जान
बिटिया को लेकर पति खेत की ओर गया था, लौटा तो लटकती मिली पत्नी की लाश
संवाद न्यूज एजेंसी
बेलहर। क्षेत्र के भेड़ौरा-पिकौरा गांव के टोला पलनिया में एक महिला ने मंगलवार को घर के अंदर छत के कुंडे से लटककर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला के आत्मघाती कदम उठाने की वजह का पता नहीं चल सका है।
बेलहर क्षेत्र के भेड़ौरा-पिकौरा (पलनिया) निवासी 28 वर्षीय हेमवंती पत्नी अमरनाथ का शव मंगलवार की सुबह उसके घर में छत के कुंडे से लटकता मिला। पति अमरनाथ ने बताया सुबह सोकर उठने के बाद वह पत्नी के कहने पर बिटिया को नित्य क्रिया के लिए घर के पश्चिम खेत की तरफ गया। जब घर लौटा तो कमरे में पत्नी की लाश छत के कुंडे से लटकते देखकर शोर मचाया। शोर सुनकर गांव के लोग पहुंच गए। ग्रामीणों के सहयोग से पत्नी हेमवंती को नीचे उतरवाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिजन और ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला का आठ साल का बेटा मनोज और छह साल की बेटी खुशी है। एसओ प्रदीप कुमार सिंह ने बताया प्रथमदृष्टया जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। वैसे शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट हो जाएगा। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वैसे मृतका के मायके के लोगों ने अभी तक कोई तहरीर नहीं दी है।