पकड़ियार बाजार। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के कोटवा–घुघली मार्ग पर रविवार देर रात सड़क किनारे पेड़ से बाइक टकराने से युवक की मौत हो गई। हादसा बिहारी छपरा चौराहे के समीप हुआ।
जानकारी के अनुसार, खड्डा थाना क्षेत्र के मठिया बुजुर्ग गांव निवासी हरिवंश के 35 वर्षीय पुत्र जनार्दन बाइक से घुघली की ओर जा रहे थे। कोटवा–घुघली मार्ग पर बिहारी छपरा चौराहे के पास उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि जनार्दन के सिर में गंभीर चोट लग गई, उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाया था।
के अनुसार, अगर बाइक सवार हेलमेट लगाया होता तो शायद उसकी जान बच सकती थी, क्योंकि सिर के अलावा शरीर के अन्य हिस्सों पर कोई गंभीर चोट नहीं है। थानाध्यक्ष चंद्रभूषण प्रजापति ने बताया कि विधिक कार्रवाई की जा रही है।