संतकबीरनगर। जिले के माध्यमिक विद्यालयों में पुरातन छात्र सम्मेलन कराया जाएगा। स्कूल के पुराने छात्र और विभिन्न क्षेत्रों में सफल लोगों को आमंत्रित किया जाएगा। ये पुरातन छात्र विद्यालयों के नए विद्यार्थियों को प्रेरित करेंगे।
जिले में 20 राजकीय, 34 सहायता प्राप्त माध्यमिक और 250 वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालय हैं। इनमें पढ़ चुके कई छात्र कला, संस्कृति, व्यवसाय, सरकारी सेवा, खेलकूद, समाजसेवा में सफलता के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। ऐसे सफल पुराने छात्रों के अनुभव से छात्र-छात्राओं को परिचित कराने के लिए अब माध्यमिक विद्यालयों में पुरातन छात्र सम्मेलन होगा। ये पुरातन छात्र स्कूल से लेकर सफलता के शिखर पर पहुंचने के अपने अनुभव नए छात्रों से साझा करेंगे। उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगे। इसमें तीन सदस्य रहेंगे, जो कि पुरातन छात्र होंगे।
इन सदस्यों की देखरेख में वर्ष में दो बार परिषद की बैठक होगी, इसमें छात्रों की समस्याओं के प्रभावी निराकरण की व्यवस्था की जाएगी। डीआईओएस हरीशचंद नाथ ने बताया कि पुरातन छात्रों को आमंत्रित कर उनके अनुभवों से नए छात्रों को रूबरू कराया जाएगा। इसके लिए सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देशित कर दिया गया है, उन्हें तैयारी करने को कहा गया है। संवाद