संतकबीरनगर। थाना दुधारा क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने सीओ खलीलाबाद को तहरीर देकर एक व्यक्ति पर 15 वर्षीय बहन के यौन शोषण का आरोप लगाया है। युवक के मुताबिक पांच मार्च को रात करीब 8:00 बजे उसकी बहन मौसी के घर गई थी। आरोप है कि बुढ़ानगर मदाइन निवासी एक व्यक्ति उसे डरा-धमकाकर अपने घर ले गया और एक महीने तक यौन शोषण किया।
डर के कारण पीड़िता अपने मामा के घर चली गई, जहां उसने पहले किसी को कुछ नहीं बताया, बाद में पेट में दर्द होने पर उसने मामी को पूरी घटना बताई। अल्ट्रासाउंड कराने पर पता चला कि वह करीब तीन महीने की गर्भवती है। युवक ने बताया कि मैं मुंबई में था। मामी ने मुझे फोन करके पूरी जानकारी दी तो मैं घर आया।
आरोप है कि मामले के आरोपी ने पीड़िता को धमकी दी कि अगर उसने किसी को बताया तो जान से मार देगा। भाई के मुताबिक थाने पर सूचना देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।