गोलाबाजार में ताला तोड़कर कब्जा करते हुए लोग । संवाद
संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद के गोला बाजार में रविवार शाम चार बजे अचानक अफरातफरी का माहौल हो गया। एक साथ पहुंचे करीब करीब सौ लोगों ने एक मकान पर धावा बोल दिया और हथौड़े और शब्बल से उसका शटर तोड़ कर उसमें मौजूद सारा सामान फेंकने लगे।
इस बीच खुद को मकान का मालिक बताने वालों रामजी, गोपाल और विरेन्द्र की सूचना पर पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को कोतवाली बुलाया। आरोप है कि इस बीच शटर तोड़ने वाले पक्ष मुखलिसपुर रोड निवासी दीपक कुमार पुत्र ओमप्रकाश ने जबरन दीवार चलवाकर मकान पर कब्जा कर लिया। इससे पहले रविवार सुबह ही दीपक कुमार पुत्र ओमप्रकाश की तहरीर पर पुलिस ने रामजी, गोपाल और विरेन्द्र समेत छह लोगों के खिलाफ बैनामाशुदा मकान पर ताला जड़ने, गाली गलौज करने का केस दर्ज किया था।
मामले के अनुसार, गोला बाजार स्थित एक मकान के दो हिस्सेदार हैं। विद्या देवी पत्नी हरिप्रसाद तथा उनके चचेरे देवर रामजी, गोपाल और विरेन्द्र। हरिप्रसाद की मौत हो चुकी है। विद्या देवी घर में अपनी एक बेटी के साथ रहती है। उन्होंने 25 मई 2024 को घर का आधा हिस्सा दीपक कुमार को बैनामा कर दिया। पट्टीदार वीरेन्द्र का आरोप है कि उन्होंने पहले ही हिस्से को खरीदने के लिए पैसा विद्या देवी को दे दिया था। चूंकि मकान का विधिक बंटवारा नहीं हुआ है और पूरा मकान एक साथ है। इसको लेकर उन्होंने न्यायालय में वाद दायर किया है।
मामला न्यायालय में विचाराधीन है। इस बीच रविवार शाम करीब 4 बजे दीपक अपने साथ 100 से अधिक लोगों को लेकर आए तथा मकान के आगे के हिस्से में बनी दुकानों के बंद शटर का ताला तोड़कर कब्जा कर लिया और सारे सामान उठा ले गए। इसका विरोध करने पर उन लोगों ने हम लोगों के साथ धक्कामुक्की की तथा जान से मारने की धमकी भी दी। तकरीबन आधे घंटे तक घर में उत्पात मचाया।
इस बात की जानकारी होने पर कोतवाली खलीलाबाद के प्रभारी निरीक्षक पंकज पांडेय दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को बैठाकर वार्ता की और कोतवाली में तलब किया लेकिन दीपक के पक्ष ने जबरन दीवार चलवा कर दुकान मकान कर कब्जा कर लिया।